मंदिर गई किशोरी को कार में डाल ले गया युवक

पीड़ित पिता ने दर्ज कराई अपहरण की शिकायत, पुलिस को लग रहा रजामंदी का मामला

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की तड़के मंदिर के लिये घर से निकली एक किशोरी का अपहरण कर लिया गया। हालांकि पुलिस को शुरुआती पड़ताल में लड़की के रजामंदी से किसी लड़के के साथ चले जाने का मामला नजर आ रहा है। पुलिस सन्देह के आधार पर एक-दो युवकों से पूछताछ कर रही है।

यह वारदात सुबह करीब साढ़े पांच बजे दहतोरा की ममता विहार कालोनी फेस-2 के निकट हुई। अपह्त किशोरी की आयु करीब 16 वर्ष है। पिता मनोज कुमार ने थाना सिकन्दरा लिखाई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी पुत्री क्षेत्र में भागवत कथा आयोजन में परिक्रमा के लिये घर से निकली थी। साथ में पड़ोस की दस वर्षीया बालिका भी थी। रास्ते में मारुति ईको कार लिए खड़े एक युवक ने किशोरी को जबरन कार में डाल लिया और कार को भगा ले गया।
अपह्त किशोरी के साथ गई बालिका ने घर पहुंच कर वारदात की जानकारी परिजनों को दी। इससे परिजनों और पूरी कालोनी में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और खोजबीन शुरू कर दी। 
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और एसपी सिटी से फोन पर वार्ता कर जल्द किशोरी की बरामदगी को कहा। उनके साथ मुन्ना मिश्रा, सौरभ दुबे, अजय राना, ब्रजेश तोमर मौजूद रहे। उपेंद्र सिंह ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा उत्तर प्रदेश में खत्म हो गया है,  दिनदहाड़े अपहरण हो रहे हैं। बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। 
उधर थाना सिकन्दरा के प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में लड़की के रजामंदी से जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस सन्देह के आधार पर एक-दो युवकों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने वारदात के जल्द खुलासे की उम्मीद जताई।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments