ताज हेरिटेज वॉक की शुरुआत, फ्री वाईफाई भी

कूड़े से बिजली बनाने वाले संयंत्र का शिलान्यास, दस चौराहों पर वाईफाई सुविधा, इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू


आगरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की रात्रि आगरा की जनता को कई सौगातें दीं। लखनऊ से वर्चुअल तरीके से शहर से जुड़े मुख्यमंत्री ने ताजमहल के निकट हेरिटेज वॉक स्थल की शुरुआत की, तो शहर के दस चौराहों पर फ्री वाई-फाई की सुविधा भी शुरू की। उन्होंने नगर निगम की कूड़ा निस्तारण योजना के तहत कुबेरपुर लैंडफिल साइट पर 15 मेगावाट के कूड़े से बिजली बनाने वाले संयंत्र का शिलान्यास किया। साथ ही  सिटी बस सेवा के लिए पांच इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की भी शुरुआत की।

आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के तहत करीब सौ बसों का संचालन किया जाना है। पहले चरण में पांच बसों का संचालन शुरू किया गया।

ताजमहल के पूर्वी गेट से दक्षिणी गेट होते हुए पश्चिमी गेट तक आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तीन करोड़ रुपये हेरिटेज वॉक स्थल बनाया गया है। यहाँ पहुँचने वाले पर्यटक पेठा, मोमोज, चाट और गोलगप्पों के बीच शहर की खासियतों, परंपरा और कला को देख सकेंगे।
नगर आयुक्‍त न‍िख‍िल टीकाराम फुंडे ने बताया क‍ि हेरिटेज वॉक में नागर‍िक ताजमहल के आसपास पैदल वॉक करेंगे तो उन्‍हें यहां से जुड़े इतिहास, व्यवसाय, विधाओं और परंपराओं को नजदीक से समझने का मौका मिलेगा। जीवंत चित्रण से उकेरी गई कृतियां अपने आप सारी कहानी कह देंगी। हेरिटेज वॉक की लंबाई तीन किमी और चौड़ाई डेढ़ से दो किमी है।

मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई मुफ्त वाईफाई सुविधा अभी शहर के दस प्रमुख चौराहों पर उपलब्ध होगी। प्रत्येक व्यक्ति रोजाना आधा घंटे तक इस सुविधा का लाभ ले सकेगा। अधिक समय सुविधा चाहने वालों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। 
नगर आयुक्‍त ने बताया क‍ि दस चौराहों में ताजमहल, सदर बाजार, बिजलीघर चौराहा, वाटरवर्क्स चौराहा, भगवान टाकीज चौराहा, संजय प्लेस, टीपी नगर, शाहगंज, कमलानगर शामिल हैं। मुफ्त वाईफाई के माध्यम से ई-मेल, वीडियो कॉलिंग, इंटरनेट का उपयोग कर पाएंगे।

वाईफाई हॉट स्पॉट का दायरा 100 मीटर का होगा। हर 500 मीटर पर लोगों को एक वाईफाई कनेक्शन मिलेगा। प्रत्येक व्यक्ति हर महीने 15 जीबी डेटा इस्तेमाल कर सकेगा। प्रतिदिन अधिकतम 1.5 जीबी डेटा मुफ्त मिलेगा। इसकी स्पीड 50 से 200 एमबीपीएस की होगी। एक हॉट स्पॉट पर 250 से 400 लोग इंटरनेट से कनेक्ट हो सकेंगे।


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

1 Comments

  1. Ye AGRA
    Hai
    Taj City
    Metro City
    Smart City
    Mughal kaleen city
    Yamuna city
    Footwear City
    Tourist City
    Love City

    ReplyDelete